DJ

डीपीएस में कारगिल विजय दिवस मनाया गया, कारगिल विजय दिवस केवल ऐतिहासिक दिन ही नहीं है अपितु यह देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है - बीएल रणवा


डूण्डलोद (विकास कुमावत) - वीर शहीदों तुम्हें सलाम इसी थीम पर आज डूण्डलोद पब्लिक स्कूल, डूण्डलोद में कारगिल विजय दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर अध्यापिका पूजा एवं संजुकता के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने ’वीर सपूत’ विषय पर एक लघु नाटिका का मंचन किया। संगीत अध्यापक ललित शर्मा के निर्देशन में छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत एक गीत प्रस्तुत किया।
प्राचार्य धनंजय लाल ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि कारगिल विजय हमारे वीर जवानों के अदम्य साहस और बलिदान का प्रतीक है। यह दिवस हमें उन वीर सैनिकों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। कैप्टन विक्रम बत्रा, लेफ्टिनेट मनोज पांडे जैसे अनेक वीर सपूतों ने कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति दी। उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।
विद्यालय सचिव बी. एल. रणवा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल ऐतिहासिक दिन ही नहीं है अपितु यह देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। जब-जब देश पर संकट आया है तब भारतीय सेना ने अपनी जान की परवाह किए बिना हमारी सुरक्षा की है। देश की रक्षा सबसे महान धर्म है। हमें सेना के त्याग और बलिदान को कभी नहीं भुलना चाहिए। हमें उनके बलिदान से प्रेरणा तथा देश के लिए हमेशा कुछ अच्छा करने का संकल्प लेना चाहिए।