DJ

विद्यार्थियों को बताए मौसमी बीमारियों से बचने के उपाय

उदयपुरवाटी - आरोग्य सप्ताह के दूसरे दिन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जमात के छात्रों को यहां के वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डा राजेन्द्र कुमावत ने स्वस्थ रहने के टिप्स बताते हुए बदलते मौसम में मौसमी बीमारियों से कैसे बचें विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि हर मौसम में ऋतु संधि काल से बचना चाहिए। सीजनल फल फ्रूट्स, साग सब्जियां शरद ऋतु में भरपूर मात्रा में आती हैं अगर मौसम अनुकूल हम इनका भरपूर सेवन करें तो यह इम्यूनिटी बूस्टर का काम करती हैं। साथ ही शरीर की कमजोरी को भी दूर करते हैं। उन्होंने बताया जब शरीर में अभाव रहेगा तो पूरा स्वस्थ होना संभव नहीं होगा। इसलिए आयुर्वेद के स्वस्थ रहने के मूल सूत्र को मानते हुए हमें काया को निरोगी बनाए रखने के हर जतन करने चाहिए। बढ़ती उम्र के बच्चों के लिए पेट और पीठ के बल किया जाने वाले योग और व्यायाम निरोग बनाए रखने में कारगर है साथ ही लंबाई बढ़ाने में ताड़ासन और अर्ध चक्रासन मददगार है। इसके अतिरिक्त सर्दियों में अभ्यंग करना और रोज नश्य लेना सर्दी जुकाम व त्वचारोगों से बचाता है। बच्चों को बताया कि सेहत पाने के लिए इस मौसम में हरी सब्जियों का सेवन खूब करें तथा शकरकंदी, मूली, गाजर, सिंघाड़ा, आंवला, गुड़, मुगफली, सीताफल और टमाटर भी खूब खाना चाहिए। रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने बाबत च्यवनप्राश भी लेना चाहिए। पहला सुख निरोगी काया को आप्त वाक्य मानकर योग प्राणायाम भी अब से ही करते रहना चाहिए। स्वास्थ्य चर्चा के दौरान स्कूल के प्रधानाध्यापक श्यामलाल खटीक, जीवराज सिंह मीना, सुरेंद्र कल्याण, निर्मला, रीना, मीनाक्षी देवी व अनिता यादव सहित स्कूल के विद्यार्थी मौजूद थे।