DJ

नाकाबंदी देख यू-टर्न लेकर भागी संदिग्ध गाड़ी, पीछा करते समय पुलिस वाहन पेड़ से टकराया, नवलगढ़ पुलिस की गाड़ी हुई हादसे का शिकार, पुजारी की ढाणी के पास हुआ हादसा

थानाधिकारी अजय सिंह और चालक भीवाराम घायल
दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया
चालक भीवाराम को गंभीर हालत में सीकर रेफर
एसपी कावेंद्र सिंह सागर पहुंचे जिला अस्पताल
संदिग्ध वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

नवलगढ़ न्यूज - क्षेत्र में नाकाबंदी देखकर यू-टर्न लेकर भागी एक संदिग्ध गाड़ी का पीछा कर रही पुलिस टीम की गाड़ी हादसें का शिकार हो गई। संदिग्ध वाहन को पकड़ने के लिए पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी अनियंत्रित होकर पुजारी की ढाणी के पास पेड़ से टकरा गई। हादसे में नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह और पुलिस वाहन चालक भीवाराम घायल हो गए। जानकारी के अनुसार नवलगढ़ पुलिस अल सुबह क्षेत्र में नाकाबंदी और गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन पुलिस नाकाबंदी देखकर अचानक यू-टर्न लेकर तेज गति से भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत वाहन का पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते समय पुजारी की ढाणी के पास मोड़ पर पुलिस की गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में गाड़ी में सवार नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह और चालक भीवाराम घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत दोनों को वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल चालक भीवाराम की हालत गंभीर होने पर उसे सीकर रेफर कर दिया गया, जबकि थानाधिकारी अजय सिंह का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर और नवलगढ़ डीएसपी महावीर सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी अस्पताल पहुंचे। झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध गाड़ी पुलिस को देखकर यू-टर्न लेकर भाग गई थी। उसी वाहन का पीछा करते समय मोड़ पर पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि हादसे में एसएचओ और चालक दोनों घायल हुए हैं, जिनमें चालक को बेहतर उपचार के लिए सीकर रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहन की तलाश तेज कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।