नवलगढ़, 26 जुलाई 2026। बीकानेर निदेशालय के निदेशक महोदय द्वारा जारी आदेश जिसमें निजी विद्यालयों के डिजिटल निरीक्षण संबंधी अव्यवहारिक आदेश के विरोध में निजी शिक्षण संस्थान संघ, नवलगढ़ की एक महत्वपूर्ण बैठक कोठी रोड स्थित नीलकंठ रिसोर्ट, नवलगढ़ में आयोजित की गई।
सचिव अनिल शर्मा ने आदेश के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उपस्थित विद्यालय संचालकों ने एकमत होकर निर्णय लिया कि राज शाला संबलन ऐप के माध्यम से निजी विद्यालयों के मासिक डिजिटल निरीक्षण का विरोध किया जाएगा। संघ का कहना है कि इस प्रकार की व्यवस्था निजी विद्यालयों पर अनावश्यक प्रशासनिक दबाव बढ़ाएगी तथा शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करेगी।
संघ अध्यक्ष टंवर सिंह गोठड़ा के अनुसार बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 28 जुलाई 2026 को जिला मुख्यालय पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में नवलगढ़ क्षेत्र के सभी निजी विद्यालय सामूहिक रूप से भाग लेंगे। तथा विद्यालयों का सामूहिक अवकाश की घोषणा की है।
संगठन मंत्री राकेश जोशी ने बताया कि इसके लिए 28 जुलाई 2026 को प्रातः 7:30 बजे सभी विद्यालय संचालक, प्राचार्य, शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी नवलड़ी चौराहे, नवलगढ़ पर एकत्रित होंगे, जहां से सभी वाहन एवं बसों के साथ जिला मुख्यालय झुंझुनूं के लिए रवाना होंगे।
संघ ने क्षेत्र के सभी निजी विद्यालयों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।