DJ

गृहस्थ जिम्मेदारियों को निभाते हुए साहित्य में नाम कर रही है झाझड की बहू सुमन राठौड़


नवलगढ़ न्यूज़ - कहते हैं कुछ कर गुजरने की तमन्ना हो तो मुश्किल राहें भी आसान हो जाती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है शेखावाटी के झाझड गाँव की बहू सुमन राठौड़ ने। वैवाहिक बंधन में बंधने के बाद एमए, बीएड तक की पढ़ाई ससुराल में गृहस्थ जिम्मेदारियों को निभाते हुए पूर्ण की। साहित्य में रुचि रखने वाली सुमन अपनी कलम की ताकत से अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी है एवं राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय हिंदी साहित्यिक संस्थाओं से सम्मानित हो चुकी हैं। गद्य एवं काव्य दोनों विधाओं में उत्कृष्ट पकड़ रखने वाली सुमन राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की प्रतिभागी बन विजेता सूची में रह अनेकों अवार्ड अपने नाम कर झाझड, शेखावाटी का नाम रोशन कर चुकी हैं। देश की 20 से अधिक साहित्यिक पत्र-पत्रिकाओं में उनकी 80 से अधिक रचनाएं प्रकाशित हो चुकी हैं। गौरतलब है कि झाझड गांव की यह बहू साहित्यकारा ही नहीं अपितु ओजस्वी वक्ता के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी है। महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता में भी अपनी अहम भागीदारी निभा रही हैं।