DJ

‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान का डूण्डलोद शिक्षण संस्थान के विद्यालयों में भव्य शुभारम्भ, इस वर्ष भी पाँच हजार पौधरोपण का लक्ष्य


डूण्डलोद (विकास कुमावत) - डूण्डलोद शिक्षण संस्थान की ओर से संचालित विभिन्न विद्यालयों में शनिवार को केन्द्र सरकार का ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ तथा राज्य सरकर का ‘हरियालो राजस्थान‘ व डूण्डलोद शिक्षण संस्थान का ‘इको राइज‘ अभियान का भव्य शुभारम्भ किया गया। डूण्डलोद गर्ल्स स्कूल, बलवंतपुरा में अभियान का शुभारम्भ राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने पौधरोपण कर किया। इसी क्रम में डूण्डलोद पब्लिक स्कूल, डूण्डलोद में अभियान की शुरुआत मुकुंदगढ़ थाना प्रभारी ताराचंद जी ने की। डूण्डलोद पब्लिक स्कूल, झुंझुनूं में मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा वशिष्ट अतिथि सहायक निदेशक अशोक कुुमार जांगिड़ व अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नवलगढ कुलदीप पुनिया ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारम्भ किया। जबकि डूण्डलोद पब्लिक स्कूल, सोयला में संस्थान के निदेशक हेमराम शरण एवं सचिव हितेश चौधरी ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यालय की छात्राओं का पर्यावरण के प्रति जागरूकता और उनके संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार को कम से कम पाँच पेड़ अवश्य लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
डूण्डलोद पब्लिक स्कूल, झुंझुनूं में मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि हमने झुंझुनूं शिक्षा विभाग को प्राप्त 11 लाख पौधारोपण के लक्ष्य का शुभारम्भ भी डूण्डलोद पब्लिक स्कूल के बच्चों के साथ पेड़ लगाकर किया है।
संस्थान सचिव बी.एल. रणवां ने बताया कि संस्थान प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। अभियान के अंतर्गत संस्थान के चारों विद्यालयों के विद्यार्थी, शिक्षक एवं कर्मचारी कम से कम एक-एक पौधा अवश्य लगाएंगे। साथ ही, पौधरोपण के बाद अपनी माता के साथ पौधे की फोटो अभियान के निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करेंगे। फोटो अपलोड होने के बाद प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा मां के सम्मान को प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस जनअभियान से जोड़ना है।अभियान के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण किया।