नवलगढ़ न्यूज : विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी द्वारा दो अलग-अलग स्थानों पर "नशा मुक्त हो युवा, नशा मुक्त हो भारत!" के बुलंद उद्घोष के साथ विशाल "नशा मुक्ति अभियान" संकल्प कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया।
विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल के कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिन्दू परिषद के प्रखण्ड अध्यक्ष राम मोहन सेकसरिया ने की। मुख्य अतिथि पवन शर्मा थे। संचालन प्रखण्ड मंत्री सुरेश कुमावत ने किया। मातृशक्ति दुर्गावाहिनी के कार्यक्रम की अध्यक्षता मातृशक्ति खण्ड सह संयोजिका ममता सैनी ने की। मातृशक्ति खण्ड सेवा प्रमुख ललिता शर्मा मुख्य अतिथि थी। विशिष्ट अतिथि मंजु देवी व संतोष सैनी थी। संचालन गुड़िया ने किया।
"नशा मुक्त युवा — विकसित भारत" के मुख्य ध्येय को समर्पित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों, युवाओं और मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव उद्बोधन रहा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों, कार्यकर्ताओं और युवाओं ने प्रधानमंत्री के साथ प्रत्यक्ष रूप से जुड़कर समाज को नशामुक्त बनाने का दृढ़ संकल्प ग्रहण किया। अतिथियों ने युवाओं को समाज निर्माण में उनके योगदान से अवगत कराते हुए नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। नवलगढ़ प्रखण्ड के सैकड़ों युवाओं, कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की बहनों ने इस पुनीत कार्य में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी ने एक स्वर में नशा मुक्त और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का प्रण लिया। पूरे नगर में बजरंग दल इकाई एवं दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ता पूरे जोर-शोर से जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाएंगी। सेवा बस्तियों में घर-घर जाकर नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया जाएगा और युवाओं को इस सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन देश और समाज को एक नई दिशा देने की ऊर्जा और नशामुक्त राजस्थान के निर्माण के अटूट संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर जागृति चोटिया, स्वाति सेवका, श्वेता सेवका, भाविका, बजरंग दल बस्ती संयोजक नरेश सैनी, बस्ती संयोजक अंशु सैनी, हेमंत व्यास, सूरज प्रकाश, भूमिका, लक्षिका, विनिका, मुस्कान, गार्गी, नेनु, यश रोहिला, कृष्ण रोहिला, वंश जांगिड़, अमृत कारगवाल, गणेश शर्मा, धीरज सैनी, विष्णु सैनी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।