DJ

डूण्डलोद गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने तिरंगे के रंग में रंगा नवलगढ़, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

नवलगढ़ न्यूज - हर घर तिरंगा अभियान के तहत डूण्डलोद गर्ल्स स्कूल, बलवंतपुरा की छात्राओं ने शुक्रवार को नवलगढ़ में भव्य एवं मनमोहक तिरंगा रैली निकालकर पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। हाथों में लहराता तिरंगा, देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों और भारत माता के जयघोष से रैली का माहौल देखते ही बन रहा था। छात्राओं की इस शानदार रैली ने नवलगढ़वासियों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और प्रबल किया।

रैली के दौरान छात्राओं ने “शहीदों की कुर्बानी—देश की निशानी”, “न झुका है, न झुकेगा—तिरंगा सदा ऊंचा रहेगा” जैसे जोशीले देशभक्ति नारों के साथ लोगों में राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाया। रैली नवलगढ़ घूमचक्कर से प्रारंभ होकर शहीद भगत सिंह स्मारक तक पहुंची।

रैली को भाजपा जिला मंत्री योगेश मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली। तिरंगे की शान में कदम से कदम मिलाकर चलती छात्राओं ने पूरे मार्ग को देशभक्ति के उत्सव में बदल दिया।

रैली के मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों ने छात्राओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और उनका उत्साहवर्धन किया। लोगों ने तिरंगे के सम्मान में जयघोष करते हुए रैली का अभिनंदन किया। रैली के दौरान नवलगढ़ का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।

रैली के समापन अवसर पर विद्यालय सचिव बी.एल. रणवॉ ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा केवल एक कपड़ा या प्रतीक नहीं, बल्कि यह भारत की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा प्रत्येक भारतीय के मान, सम्मान और अभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का भाव मजबूत होता है।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. रेखा ने रैली में उपस्थित अतिथियों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भाजपा जिला मंत्री योगेश मिश्रा, पार्षद हितेश थोरी, मोहनजी ऐचरा, पूर्व सरपंच रवि कैरु, सुनील पुनिया, राजेश सैनी, जितेन्द्र शेखावत, रविकान्त, विश्वनाथ जोशी, महीपाल ऐचरा सहित सभी नगरवासियों को छात्राओं का उत्साहवर्धन करने एवं रैली को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।

डूण्डलोद गर्ल्स स्कूल की छात्राओं की इस तिरंगा रैली ने न केवल हर घर तिरंगा अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया, बल्कि यह भी संदेश दिया कि देश की आन, बान और शान तिरंगा हमेशा आसमान की ऊंचाइयों पर लहराता रहेगा।