बलवंतपुरा - डूंडलोद गर्ल्स स्कूल, बलवंतपुरा की छात्राओं के लिए रविवार का दिन सीखने, घूमने और ऐतिहासिक विरासत को करीब से जानने का यादगार अवसर रहा। विद्यालय की छात्राएं शॉर्ट ट्रिप के तहत उदयपुरवाटी क्षेत्र की प्रसिद्ध मानसा माता, शाकम्बरी माता एवं कोट बांध जैसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण पर गईं।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. रेखा यादव ने छात्राओं की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। यात्रा के दौरान छात्राओं ने विभिन्न ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के साथ प्रकृति के मनोहारी वातावरण का भी आनंद लिया।
इस अवसर पर विद्यालय सचिव बी.एल. रणवॉ ने कहा कि “शिक्षा केवल कक्षा की चारदीवारी तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों को ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कराकर उन्हें हमारी संस्कृति, विरासत और प्रकृति से जोड़ना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी यात्राएं बच्चों के ज्ञान को समृद्ध करने के साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करती हैं।”
उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ शैक्षिक भ्रमण एवं अनुभवात्मक सीखने को भी निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।
शॉर्ट ट्रिप के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस यात्रा ने उनके लिए मनोरंजन के साथ-साथ इतिहास, संस्कृति और प्रकृति को करीब से समझने का एक नया अनुभव प्रदान किया।