बलवंतपुरा। डूण्डलोद गर्ल्स स्कूल के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस (आई.आई.एम.यू.एन.) झुंझुनूं 2026 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। 2 से 4 अक्टूबर तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन में विद्यार्थी विभिन्न वैश्विक एवं समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श, संवाद और तर्कपूर्ण चर्चा के माध्यम से अपनी नेतृत्व क्षमता, कूटनीतिक समझ और निर्णय लेने की क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। सम्मेलन का आयोजन डूण्डलोद गर्ल्स स्कूल में किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने विद्यार्थियों को वैश्विक विषयों को समझने, तार्किक ढंग से अपनी बात रखने तथा संवाद के माध्यम से समाधान तलाशने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. रेखा यादव ने सम्मेलन की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि 3 अक्टूबर को विभिन्न समितियों के सत्र एवं सामाजिक गतिविधियां आयोजित होंगी। वहीं 4 अक्टूबर को प्रातः योग सत्र के बाद समिति सत्र और समापन समारोह होगा। सम्मेलन में प्रतिभागी समितियों में समसामयिक विषयों पर चर्चा करेंगे। इनमें विमानन क्षेत्र को मजबूत करने, राजस्थान में युवाओं में मादक पदार्थों के बढ़ते प्रभाव और ऑनलाइन जुए, पेड न्यूज एवं प्रसारण पत्रकारिता में नियामकीय कमियों, आधुनिक एआई टूल्स, सांस्कृतिक एवं भाषाई विविधता, युद्धविराम और नागरिकों की सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के अधिकार, सांस्कृतिक विरासत एवं सतत पर्यटन तथा सोशल मीडिया के प्रभाव जैसे विषय शामिल हैं।
इस अवसर पर संस्था सचिव बी.एल. रणवॉ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा केवल अपने भविष्य का निर्माण करने वाला नहीं, बल्कि समाज और देश की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से वैश्विक मुद्दों को समझने के साथ अपनी भारतीय संस्कृति, मूल्यों और जिम्मेदारियों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व, संवाद और निर्णय क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए तैयार करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को सक्रिय भागीदारी, सकारात्मक सोच और सीखने की भावना के साथ सम्मेलन का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि विचारों की शक्ति और संवाद की संस्कृति के माध्यम से युवा समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा तय कर सकते हैं।
कार्यक्रम में जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह सैनी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक मुकेश, शारांस, राहुल रणवॉ, अनिकेत रणवॉ, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं स्टाफ सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
डूण्डलोद गर्ल्स स्कूल में आयोजित यह सम्मेलन क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए वैश्विक मंच पर संवाद, नेतृत्व, कूटनीति और विचार-विमर्श की समझ विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर बन रहा है।