DJ

चर्चा से निकले समाधान, संवाद से मजबूत हुआ नेतृत्व, डूण्डलोद गर्ल्स स्कूल में आई.आई.एम.यू.एन. झुंझुनूं-2026 का समापन

बलवंतपुरा। डूण्डलोद गर्ल्स स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय आई.आई.एम.यू.एन. झुंझुनूं-2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य एवं राष्ट्रिय जनरल सेकेट्री डॉ. सतीश पूनिया रहे। समारोह की अध्यक्षता देश के प्रसिद्ध पर्यावरणविद् एवं ‘वाटरमैन ऑफ इंडिया’ डॉ. राजेंद्र सिंह ने की। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी, झुंझुनूं विधायक राजेन्द्र भाम्बू , पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार , पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, भाजपा नेता विशम्भर पूनिया, समाजसेवी कैलाश चौटिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।


समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. सतीश पूनिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद हासिल करने का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी उठाने और दूसरों को सही दिशा देने की क्षमता है। उन्होंने युवाओं से ज्ञान, अनुशासन और राष्ट्रहित को अपने जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक सोच और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे डॉ. राजेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के विचार, संकल्प और नेतृत्व क्षमता पर निर्भर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और समाज के प्रति सकारात्मक सोच को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने जल संरक्षण एवं पर्यावरण के क्षेत्र में अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि बदलाव की शुरुआत छोटी सोच से नहीं, बल्कि बड़े संकल्प से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को चुनौतियों से सीख लेकर आगे बढ़ने और समाज के लिए उपयोगी कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं को अपने विचारों को सकारात्मक दिशा में ले जाकर समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सम्मेलन में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए विचारों और उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की।

इस अवसर पर संस्था सचिव बी.एल. रणवॉ ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि अनुशासन, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से हासिल होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने भीतर नेतृत्व की क्षमता विकसित करें और भविष्य में समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने आई.आई.एम.यू.एन. जैसे मंचों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम बताते हुए आयोजन की सफलता के लिए पूरी टीम को बधाई दी।

सम्मेलन में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने तीनों दिनों तक आई.आई.एम.यू.एन. प्रतिनिधियों के रूप में सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यार्थियों ने विभिन्न समितियों एवं पोर्टफोलियो का प्रतिनिधित्व करते हुए दो दिनों तक समसामयिक एवं वैश्विक मुद्दों पर गंभीर बहस और विचार-विमर्श किया। सम्मेलन में स्वदेशी प्रौद्योगिकियों के विकास को बढ़ावा देने की रूपरेखा तथा बढ़ती बेरोजगारी से निपटने की रणनीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी वाद-विवाद क्षमता, तार्किक सोच, सार्वजनिक वक्तृत्व कौशल और नेतृत्व क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विभिन्न समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिनिधियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. रेखा यादव ने कहा कि आई.आई.एम.यू.एन. झुंझुनूं-2026 विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, संवाद, नेतृत्व और रचनात्मकता को मंच देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन रहा। सम्मेलन ने विद्यार्थियों को समसामयिक मुद्दों पर स्वतंत्र रूप से विचार रखने, सार्वजनिक वक्तृत्व कौशल विकसित करने और वैश्विक नागरिकता की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। सम्मेलन की सफलता आयोजकों, प्रतिभागियों और आई.आई.एम.यू.एन. की युवा नेतृत्व वाली पूरी टीम की प्रतिबद्धता, मेहनत और समर्पण का परिणाम रही।

इस अवसर पर आई.आई.एम.यू.एन. झुंझुनूं के संयोजक अनिकेत जैन, डूण्डलोद पब्लिक स्कूल के प्राचार्य धनन्जय लाल, राहुल रणवॉ, अनिकेत रणवॉ, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं स्टाफ सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।