DJ

डूण्डलोद गर्ल्स स्कूल में विद्यार्थियों से रूबरू होंगे ‘वाटरमैन ऑफ इंडिया’ डॉ. राजेंद्र सिंह, आई.आई.एम.यू.एन के समापन समारोह मे करेंगे शिरकत

बलवंतपुरा। डूण्डलोद गर्ल्स स्कूल में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय आई.आई.एम.यू.एन झुंझुनूं 2026 का समापन समारोह रविवार, आयोजित किया जाएगा। समारोह में देश के प्रसिद्ध पर्यावरणविद् एवं ‘वाटरमैन ऑफ इंडिया’ डॉ. राजेंद्र सिंह विशेष रूप से शामिल होंगे। जल संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और अनुभव से विद्यार्थियों को पर्यावरण, जल संरक्षण तथा सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश मिलने की उम्मीद है। डॉ. राजेंद्र सिंह को भारत के ‘ वाटरमैन ऑफ इंडिया’ के रूप में जाना जाता है और जल संरक्षण के क्षेत्र में उनके कार्यों ने देशभर में व्यापक प्रभाव डाला है।

आई.आई.एम.यू.एन झुंझुनूं 2026 का उद्देश्य विद्यार्थियों को संवेदनशील, जागरूक और वैश्विक दृष्टिकोण रखने वाले युवा नागरिकों के रूप में तैयार करना है। संगठन के अनुसार यह मंच विद्यार्थियों को अपने देश की संस्कृति के साथ-साथ विश्व की विविधताओं को समझने और सामाजिक बदलाव के लिए अपनी भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करता है।

समापन समारोह की जानकारी देते हुए विद्यालय की प्राचार्या डॉ. रेखा यादव ने कहा कि रविवार को प्रातः योग सत्र के बाद समिति सत्र होगा और उसके बाद समापन समारोह होगा। उन्होंने कहा आई.आई.एम.यू.एन झुंझुनूं 2026 जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंच विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को नई दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें वैश्विक मुद्दों को समझने और उन पर स्वतंत्र रूप से विचार रखने के अवसर देना विद्यालय की प्राथमिकता है। 

संस्था सचिव बी.एल. रणवॉ ने कहा कि “शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि ऐसे जागरूक और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है, जो समाज और राष्ट्र के लिए सकारात्मक बदलाव का नेतृत्व कर सकें। आई.आई.एम.यू.एन झुंझुनूं 2026 जैसे मंच विद्यार्थियों को अपने विचारों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का आत्मविश्वास देते हैं। उन्होंने डॉ. राजेंद्र सिंह के आगमन को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी अवसर बताया। उन्होंने कहा कि डूण्डलोद गर्ल्स स्कूल में विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ नेतृत्व, संवाद, सामाजिक जिम्मेदारी और वैश्विक सोच के लिए आगे भी निरंतर अवसर उपलब्ध करवाता रहेगा ।

डूण्डलोद गर्ल्स स्कूल में तीन दिवसीय आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, सामाजिक मुद्दों, मीडिया, पर्यावरण और समकालीन विषयों पर अपनी समझ विकसित करने का अवसर मिल रहा है।