DJ

विश्व हिंदू परिषद ने नवरात्रि एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए दिया ज्ञापन

नवलगढ़ न्यूज - विश्व हिन्दू परिषद ने नवरात्रि एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में पुलिस उपाधीक्षक सुगन सिंह को पुलिस महानिदेशक, जयपुर के नाम ज्ञापन सौंपा। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं की ओर से ज्ञापन में राजस्थान पुलिस प्रशासन से अपेक्षाएं की गई है कि नवरात्रि एवं अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों के दौरान सभी आयोजकों को सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले एवं हिंदू धर्म में आस्था नहीं रखने वाले तत्वों को प्रवेश नहीं देने हेतु पाबंद किया जाए एवं संवेदनशील एवं चिन्हित क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। धार्मिक पंडालों, शोभायात्राओं एवं अन्य आयोजनों के आसपास नियमित पुलिस गश्त एवं प्रभावी निगरानी की व्यवस्था की जाए। आयोजकों अथवा बजरंग दल- विश्व हिंदू परिषद के अधिकृत कार्यकर्ताओं द्वारा किसी संदिग्ध व्यक्ति, समूह अथवा गतिविधि के संबंध में सूचना दिए जाने पर पुलिस द्वारा उसकी तत्काल जांच एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए धार्मिक आयोजनों में उनके साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार अथवा अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील आयोजनों के संबंध में स्थानीय पुलिस अधिकारियों को पूर्व-निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था एवं त्वरित प्रतिक्रिया की स्पष्ट जिम्मेदारी दी जाए। किसी भी समुदाय अथवा संगठन के संबंध में केवल उसकी पहचान के आधार पर कार्रवाई न करते हुए, व्यक्ति के आचरण, गतिविधि एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कानून के अनुरूप निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शांति एवं सामाजिक सौहार्द बना रहे। विश्व हिंदू परिषद को विश्वास है कि राजस्थान पुलिस प्रशासन धार्मिक स्वतंत्रता, नागरिकों की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था की रक्षा के अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए नवरात्रि एवं आगामी धार्मिक आयोजनों के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। विश्व हिंदू परिषद का मानना है कि जिन संप्रदायों की हिंदू देवी-देवताओं, परंपराओं, त्योहारों व प्रतीकों के प्रति आस्था नहीं है उन्हें इन आयोजनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखना उचित होगा। ज्ञापन देने वालों में विश्व हिन्दू परिषद के प्रखण्ड अध्यक्ष राम मोहन सेकसरिया, प्रखण्ड उपाध्यक्ष लक्ष्मण स्वामी, बजरंग दल संयोजक पुनीत बील, रामावतार बील, सज्जन जोशी व विमल बेरीवाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।